मुंगेली//मुंगेली जिले में एसीबी बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव की शिकायत पर की गई। जानकारी के अनुसार दिसंबर 2025 में एक रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रार्थी के वाहन को जब्त कर लिया था और उसे करीब 18 दिनों तक जेल में भी रहना पड़ा।
जेल से छूटने के बाद जब प्रार्थी ने वाहन छुड़ाने और चालान जल्द पेश करने की बात कही, तो डिप्टी रेंजर द्वारा 70 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई। साथ ही मामला सेट करने के नाम पर अधिक खर्च होने की बात भी कही गई।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। कोटा के मित्र मिलन रेस्टोरेंट में जैसे ही 50 हजार रुपए की पहली किश्त दी गई, टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर रेंजर की भूमिका भी सामने आने पर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back