सक्ति चंद्रपुर।। शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन और नवाचार का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए चंद्रपुर विधानसभा के विधायक रामकुमार यादव ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्षेत्र के 170 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को देश की राजधानी दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा। इस विशेष यात्रा में शामिल सभी विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 12वीं के टॉपर रहे हैं।

विधायक रामकुमार यादव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस प्रेरणादायक पहल को निरंतर जारी रखे हुए हैं। उनके द्वारा प्रतिवर्ष चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाता है, जहां उन्हें देश की राजधानी के ऐतिहासिक, शैक्षणिक और लोकतांत्रिक संस्थानों से रूबरू होने का अवसर मिलता है। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों को दिल्ली से रायपुर तक हवाई यात्रा का अनुभव भी कराया जाता है, जिससे ग्रामीण अंचलों के बच्चों को नई दुनिया देखने और बड़े सपने संजोने का अवसर प्राप्त होता है।

इस वर्ष के भ्रमण में विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन संग्रहालय, प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों, राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों तथा देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक परिसरों का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने न केवल नई जानकारियां प्राप्त कीं, बल्कि देश के विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को भी करीब से समझा।

मेहनत का पुरस्कार बना दिल्ली भ्रमण

विधायक रामकुमार यादव ने क्षेत्र के विद्यार्थियों से वादा किया है कि जो भी छात्र-छात्रा अपने विद्यालय में कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे, उन्हें दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया जाएगा। इस पहल ने विद्यार्थियों के बीच शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार किया है और बेहतर परिणामों के लिए उन्हें प्रेरित किया है।

बच्चों के सपनों को देना चाहते हैं नई उड़ान

विधायक रामकुमार यादव का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें अवसर, मार्गदर्शन और व्यापक दुनिया को देखने का मौका मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

विधायक रामकुमार यादव ने कहा

“हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम अपने क्षेत्र के मेधावी बच्चों को दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण पर ले गए थे। हमारा उद्देश्य केवल उन्हें घूमाना नहीं, बल्कि उनके भीतर बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास पैदा करना है। जब बच्चे देश की राजधानी, राष्ट्रीय संस्थानों और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण को देखते हैं, तो उनके सोचने का दायरा बढ़ता है। मुझे खुशी है कि इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। आने वाले वर्षों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।”

अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए बना प्रेरणास्रोत

आज के समय में जब शिक्षा को लेकर नवाचार और प्रोत्साहन की आवश्यकता है, तब चंद्रपुर विधानसभा में चल रही यह पहल एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में सामने आई है। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने, उन्हें देश की राजधानी से परिचित कराने और हवाई यात्रा जैसा अनूठा अनुभव प्रदान करने का यह प्रयास निश्चित रूप से उनके भविष्य को नई दिशा देने वाला है।

चंद्रपुर के बच्चों के लिए यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की शुरुआत है। यही कारण है कि विधायक रामकुमार यादव की यह पहल आज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Have Missed
Back