डोलकुमार निषाद@डभरा:- सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाडापाली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन मृतका के परिजनों ने इस घटना पर संदेह जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन ग्राम गाडापाली पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। उस समय घर में सन्नाटा पसरा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उन्हें मृतका का चेहरा देखने नहीं दे रहे थे, जिससे संदेह और गहरा गया।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर डभरा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद परिजनों को मृतका का चेहरा दिखाया गया।

बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने मृतका के गले और गर्दन के आसपास काले निशान देखे तो उनका आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने मृतका के पति, ससुर और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

डभरा पुलिस ने शव का मर्ग पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Have Missed
Back