3.30 लाख से अधिक मरीजों का उपचार, 70 हजार से ज्यादा पैथोलॉजी जांच और 3.15 लाख से अधिक लोगों को निःशुल्क दवाइयां

जांजगीर-चांपा। जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिले में संचालित 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से अब तक 3 लाख 30 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। वहीं 70 हजार से अधिक पैथोलॉजी लैब जांच की गई हैं और 3 लाख 15 हजार से अधिक दवाइयों का वितरण किया गया है।

जांजगीर-चांपा जिले के नगरीय क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कई बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचना समय और खर्च की चुनौती बन सकता है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट निर्धारित स्थानों और जरूरतमंद बस्तियों के करीब पहुंचकर डॉक्टर की सलाह, स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। इससे जिले के लाखों लोगों को अपने क्षेत्र के करीब ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है।

उपचार के साथ स्वास्थ्य शिक्षा पर जोर

मोबाइल मेडिकल यूनिट की खासियत केवल उपचार और दवा वितरण तक सीमित नहीं है। मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी और बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए जाते हैं। मौसम के अनुसार होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, साफ पानी, संतुलित खान-पान, व्यक्तिगत स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य जांच को लेकर लोगों को जागरूक किया जाता है।

इसका उद्देश्य लोगों को बीमारी होने के बाद उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है।

स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की भी नियमित जांच

योजना के तहत नगरीय निकायों में स्वच्छता कार्य में जुटे स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष पहल की जा रही है। नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इन महिला कर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रत्येक माह विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान/पखवाड़े के माध्यम से स्वास्थ्य जांच की जाती है।

स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना शासन की इस योजना के कल्याणकारी और संवेदनशील पक्ष को सामने लाता है।

स्वच्छता दीदीयों के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम

समय पर इलाज से बड़ी राहत

मोबाइल मेडिकल यूनिट की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि स्वास्थ्य सेवा के लिए लोगों को हर बार दूर अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ती। स्वास्थ्य सुविधा लोगों के करीब पहुंचने से मरीज समय पर डॉक्टर से परामर्श ले रहे हैं, आवश्यक जांच करा रहे हैं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाइयां प्राप्त कर रहे हैं। इससे समय और उपचार पर होने वाले खर्च दोनों में राहत मिलती है।

योजना के प्रभावी संचालन में नगरीय प्रशासन, जिला प्रशासन एवं संबंधित नगरीय निकायों के समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं जमीनी स्तर पर चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीम द्वारा लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

3.30 लाख से अधिक उपचार, 70 हजार से ज्यादा जांच और 3.15 लाख से अधिक दवा वितरण यह बताता है कि जांजगीर-चांपा में मोबाइल मेडिकल यूनिट जरूरतमंदों के लिए महज स्वास्थ्य सेवा की गाड़ियां नहीं, बल्कि घर के करीब इलाज, जांच, दवा और स्वास्थ्य जागरूकता की एक प्रभावी व्यवस्था बन चुकी हैं। यही इस योजना को नगरीय क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण और कल्याणकारी पहल बनाता है।

MMU टीम

डॉ. सोनिया जायसवाल ने बताया—41 प्रकार की जांच और ECG की सुविधा निःशुल्क

मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाओं के संबंध में डॉ. सोनिया जायसवाल ने बताया कि MMU के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र के करीब ही व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट में 41 प्रकार की पैथोलॉजी जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाती हैं। इसके साथ ही हृदय संबंधी जांच के लिए ECG की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अलग से अस्पताल जाने की जरूरत कम होती है।उन्होंने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नगरीय निकाय क्षेत्रों के स्लम एवं जरूरतमंद बस्तियों में पहुंचकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार करती हैं। चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपने नजदीकी क्षेत्र में पहुंचने वाली मोबाइल मेडिकल यूनिट का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय पर जांच एवं चिकित्सकीय सलाह जरूर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back