चंद्रपुर विधानसभा में जनसंपर्क अभियान संपन्न, रामभाठा और ठनगन सहित कई गांवों में उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं
डोलकुमार निषाद@डभरा/सक्ती-: चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव का जनसंपर्क एवं विरोध अभियान 4 से 9 अक्टूबर तक चला। अभियान के दौरान विधायक ने विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया तथा बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी चिंताएं सुनीं।

विधायक रामकुमार यादव ने इस अभियान के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियों को सामने लाने और उनके हितों की रक्षा का मुद्दा उठाया। बुधवार को उन्होंने ग्राम रामभाठा और ठनगन सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान स्मार्ट मीटर की व्यवस्था और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा हुई।
बिजली बिलों का बोझ आम जनता के लिए चिंता का विषय : ताराचंद साहू
जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती के उपाध्यक्ष ताराचंद साहू ने कहा कि बिजली आम आदमी की बुनियादी जरूरत है। ऐसे में स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं के मन में उठ रही शंकाओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। आम जनता को अपने बिजली बिलों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए और यदि कहीं गलत बिलिंग या अनियमितता की शिकायत है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को सामने लाने और उनके हितों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

गांवों तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद
अभियान के दौरान विधायक ने लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस की ओर से स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्रमुखता से सामने लाने पर जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य बिजली से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर लोगों की आवाज संबंधित स्तर तक पहुंचाना रहा।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनसंपर्क अभियान में जिला पंचायत सदस्य शांति साहू, जिला पंचायत सदस्य सरोज डनसेना, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तुलसी साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डभरा के अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती के उपाध्यक्ष ताराचंद साहू, जिला विधायक प्रतिनिधि सुनील चंद्रा, एम.आर. यादव, मुकुंद वैष्णव तथा सरपंच डीलेश्वरी टेकलाल जांगड़े सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों का मुद्दा इस अभियान के केंद्र में रहा। अब उपभोक्ताओं की शिकायतों पर संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर क्षेत्र के लोगों की निगाहें रहेंगी।
