
सुरज बीसी गरियाबंद
देवभोग (गरियाबंद):* क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार का ताजा मामला डुमरबाहाल से केन्दुबंद को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर सामने आया है। कच्ची सड़क मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन पहली ही बारिश में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कुछ महीने पहले ही इस मार्ग पर मुरम डालकर सुधारीकरण का दावा किया गया था। कागजों पर लाखों का बजट खर्च दिखाकर सड़क को दुरुस्त बताया गया, लेकिन धरातल पर केवल खानापूर्ति की गई। घटिया मुरम डालने से बारिश में पूरी मिट्टी बह गई और सड़क दलदल बन गई।
वर्तमान में इस मार्ग पर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। दोपहिया चालक फिसलकर गिर रहे हैं, कई लोग घायल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। एम्बुलेंस और महतारी एक्सप्रेस का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो गया है
ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि मरम्मत के नाम पर राशि का बंदरबांट कर लिया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और राशि वसूली की जाए, साथ ही इस मार्ग पर जल्द पक्की सड़क बनाई जाए।
