10 हजार की पॉकेटमारी, 5 हजार बरामद… तीन ‘उस्ताद’ चढ़े पुलिस के हत्थे, बाकी रकम की तलाश जारी

डोलकुमार निषाद@सक्ती/डभरा-: शराब दुकान के बाहर भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब साफ करने वाले पॉकेटमार गिरोह की चाल आखिरकार डभरा पुलिस के सामने नहीं चल सकी। जेब पर हाथ साफ करने निकले तीन शातिर खुद कानून के शिकंजे में फंस गए।

मामला 27 जून की रात का है, जब खुरघट्टी निवासी कमलेश अजगले डभरा स्थित शराब दुकान पहुंचे थे। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने उनके पर्स पर ऐसा हाथ साफ किया कि 10 हजार रुपये पलभर में गायब हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही घंटों में पूरे गिरोह का सुराग लगा लिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी अजीत सहिस, राहुल सहिस और इरफान सहिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। बाकी रकम की तलाश अभी जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर सिर्फ जेब ही नहीं, अपनी सतर्कता भी संभालकर रखिए। जेबकतरे मौका देखकर वार करते हैं, लेकिन कानून की नजर आखिरकार उन तक पहुंच ही जाती है।

इस त्वरित कार्रवाई में थाना डभरा की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले की विवेचना जारी है।

दूसरों की जेब हल्की कर अपनी किस्मत भारी करने निकले थे, लेकिन अब जेल की सलाखें ही उनकी नई मंजिल बन गईं। जेब काटने का हुनर कानून की पकड़ से बड़ा नहीं होता।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back