मुंगेली// जिले में अवैध रेत खनन और भंडारण के मामले को प्रमुखता से उठाने वाली Thelal10 की खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। खबर प्रसारित होने के बाद खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेत भंडारण स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। साथ ही संबंधित भू-स्वामी को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

गौरतलब है कि Thelal10 ने अपनी रिपोर्ट में उजागर किया था कि लोरमी रोड बायपास पुल के नीचे जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से बिना वैध अनुमति के रेत निकाली जा रही है। आरोप था कि खनन के बाद बड़ी मात्रा में रेत निजी स्थानों पर जमा की जा रही है, जिससे आगर नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने और पर्यावरणीय नुकसान की आशंका बढ़ गई है। साथ ही बरसात के मौसम में ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से रेत का अवैध भंडारण किए जाने की बात भी सामने आई थी।

मामले में माइनिंग इंस्पेक्टर विक्की दास मानिकपुरी ने बताया कि वेब पोर्टल, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर खनिज विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पंचनामा तैयार कर संबंधित भू-स्वामी को नोटिस जारी किया गया है तथा रेत भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल विभाग दस्तावेजों की जांच कर रहा है। यदि भंडारण नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया, तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
