जांजगीर-चांपा । थाना सारागांव क्षेत्र के ग्राम चोरिया के साप्ताहिक बाजार में नए आपराधिक कानूनों और नशा मुक्ति अभियान को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बाजार में मौजूद नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित नए आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है।
लोगों से अपील की गई कि वे कानूनों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत भी लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
