चंद्रपुर बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर में चोरी, CCTV न होने से पुलिस के सामने चुनौती

डोलकुमार निषाद@सक्ती/चंद्रपुर-: बीती रात चंद्रपुर बस स्टैंड स्थित हनुमान जी के मंदिर में अज्ञात चोरों ने ऐसा हाथ साफ किया कि भक्तों के साथ-साथ भगवान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। चोर हनुमान जी के गले में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चांदी का हार निकाल ले गए और दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगद राशि भी समेटकर फरार हो गए।

विडंबना यह है कि जिस मंदिर में श्रद्धालु अपनी आस्था और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां सुरक्षा के नाम पर एक भी CCTV कैमरा मौजूद नहीं था। नतीजा यह रहा कि चोरी की पूरी वारदात अंधेरे में ही दफन हो गई और चोर आराम से अपना काम कर निकल गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भगवान के घर की ही सुरक्षा भगवान भरोसे हो, तो आम आदमी की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा दोनों का माहौल है।

फिलहाल चंद्रपुर पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

हनुमान जी का हार चुराकर कौन बच पाएगा? गौरी गुप्ता बोले— बजरंगबली की लाठी में आवाज नहीं होती”
समाजसेवी गौरी गुप्ता ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जिस भी अज्ञात चोर ने हनुमान जी के गले में विराजित चांदी का हार तथा दानपेटी की नगद राशि चोरी की है, उसे प्रभु हनुमान जी अवश्य सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान के दरबार में किया गया अपराध कभी छिपता नहीं और ऐसे कृत्य करने वालों को अपने कर्मों का फल अवश्य भुगतना पड़ता है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या मंदिरों की सुरक्षा केवल श्रद्धा के भरोसे चलेगी, या फिर आस्था के इन केंद्रों को भी सुरक्षा के आधुनिक इंतजामों की जरूरत है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back