डोलकुमार निषाद@डभरा-:
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात में ग्राम रामभांठा में एक बेटे ने ही अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। बिजली कनेक्शन को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और बेटे ने लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर पिता की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को थाना डभरा पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित कुमार महिलांगे (35 वर्ष) ने अपने पिता मनबोध महिलांगे के साथ बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद के दौरान आपा खो दिया। गुस्से में आकर उसने लोहे के पाइप से पिता के सिर, चेहरे और आंख पर लगातार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मानसिक स्थिति पर उठे सवाल…
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।

पुलिस की फुर्ती—कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार..
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना डभरा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया गया है।

एफएसएल जांच, मर्ग पंचनामा और गवाहों के बयान जैसी सभी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी, दिए सख्त निर्देश..
पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल ने मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

इनकी रही अहम भूमिका..
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमल किशोर महतो, सउनि हरनारायण ताम्रकर, संतोष पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शिव शर्मा, आरक्षक जोगेश राठौर, लक्ष्मीकांत उरांव, कुजबिहारी चंद्रा एवं राजेश धिरहे का विशेष योगदान रहा।

सवाल बड़ा है:
क्या गुस्सा और विवाद अब रिश्तों को खत्म करने लगा है?
डभरा की यह घटना समाज को झकझोर कर रख देने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back