ईरान–इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच देश के कई हिस्सों से एलपीजी सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। इसी क्रम में जम्मू में भी गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगने लगी हैं।
हालांकि जानकारों का कहना है कि असल में सिलेंडर की कमी नहीं है, बल्कि लोगों की चिंता और जल्दबाजी के कारण यह स्थिति बन रही है।होम डिलीवरी सेवा बंद होने के बाद उपभोक्ता खुद गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे हैं। इसी वजह से एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ गई है और लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हो रहे हैं।
मीडिया टीम जब मंदिरों के शहर जम्मू की एक गैस एजेंसी पर पहुंची, तो वहां लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दी। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि होम डिलीवरी बंद होने से उन्हें अपना काम छोड़कर लाइन में लगना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी बताया कि कतार में ऐसे लोग भी हैं जिनके घरों में पहले से सिलेंडर मौजूद हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए वे भी लाइन में लगे हैं। इससे उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है जिन्हें वास्तव में गैस की जरूरत है।
दूसरी ओर गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उनके मुताबिक एक एजेंसी से प्रतिदिन 300 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग भविष्य की चिंता में अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने पहुंच रहे हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि अफवाहों और घबराहट की वजह से ही एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ रही है, जिससे सामान्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
