छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान रेशम लाल यादव (27 वर्ष) निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

बताया जा रहा है कि रेशम यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं। इसी कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि 5 वर्षीय बेटा आयुष पिता के पास ही रह रहा था।परिजनों के अनुसार आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा।

रात में नहर में डुबोकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला। इसके बाद 14 मार्च की देर रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा स्थित नहर में उसने बेटे को पानी में डुबोकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे अपनी पत्नी के मायके पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई।

पुलिस ने कुछ घंटों में पकड़ा आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थाना प्रभारी सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी, संतोष बंजारे, रामदुलार साहू, राजेश कोशले और भुवनेश्वर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back