अधिवक्ता चितरंजय पटेल बोले – जनभागीदारी से ही होगा टीबी मुक्त भारत का सपना साकार

सक्ती/@avdhesh-tandan। टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले में नई गति देने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति पर मंथन हुआ। इसी दौरान अभियान को जनव्यापी बनाने के लिए ‘जोश द टीम’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा ने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य सिर्फ जागरूकता नहीं, बल्कि लोगों को सामाजिक कार्य से जोड़ना है। उन्होंने टीम के सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उच्च न्यायालय अधिवक्ता एवं समाजसेवी चितरंजय पटेल ने कहा कि, “किसी भी बड़े अभियान की सफलता की सबसे बड़ी कड़ी जनभागीदारी होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर वर्ग को आगे आना होगा।”

उन्होंने बताया कि रक्षा, युवा एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के समन्वय से NCC, माय भारत (NSS) और स्वास्थ्य कर्मियों को मिलाकर यह संयुक्त टीम ‘जोश’ बनाई गई है, जो युवाओं की ऊर्जा से टीबी उन्मूलन को नई दिशा देगी।

जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने कहा कि आजादी के समय टीबी से बड़े-बड़े लोगों की जान जाती थी, लेकिन आज सरकार व्यापक अभियान चला रही है जिसमें आम जनता का साथ जरूरी है।

CMHO डॉ. पूजा अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के जरिए यह संदेश तेजी से समाज तक पहुंचेगा। वहीं अभियान प्रभारी डॉ. विकास गबेल ने डिजिटल कार्ययोजना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित भी किया गया। अंत में अपर कलेक्टर ने सभी को टीबी मुक्त भारत के लिए शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष भारत यादव, भोजराम साहू, गोविंद देवांगन, मनोज सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back