व्हाट्सएप पर महिला को अश्लील मैसेज भेजकर कर रहा था परेशान, साइबर सेल की मदद से खुली पोल; मोबाइल भी जब्त

डोलकुमार निषाद@डभरा-: सोशल मीडिया और व्हाट्सएप को कुछ लोग संवाद का माध्यम बनाने के बजाय अपनी घटिया मानसिकता प्रदर्शित करने का जरिया समझ बैठे हैं। लेकिन मोबाइल की स्क्रीन के पीछे छिपकर किसी महिला को अश्लील संदेश भेजना अब इतना आसान नहीं कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर बच निकले। ऐसा ही एक मामला डभरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां महिला को व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला ने थाना डभरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर परेशान किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डभरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 79, 238 एवं 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की जांच में साइबर सेल की मदद ली गई, जिसके बाद आरोपी की पहचान ग्राम चांटीपाली निवासी कौशल प्रसाद पिता निर्मल प्रसाद साहू (37 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अब स्क्रीन के पीछे छिपकर अश्लीलता फैलाने वालों की खैर नहीं!
इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसी महिला को परेशान करना, अश्लील संदेश भेजना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना कोई मामूली हरकत नहीं है। मोबाइल और इंटरनेट की आड़ में कानून से बचने की सोच रखने वालों को यह समझना होगा कि डिजिटल दुनिया में भी कानून के हाथ पहुंच सकते हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के पर्यवेक्षण में थाना डभरा पुलिस ने कार्रवाई की।

सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Have Missed
Back