मुक्तिधाम के पास फड़ लगाकर चल रहा था जुए का खेल, टीआई राजेश पटेल की टीम ने 13 जुआरियों को दबोचा; 51,400 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त
डोलकुमार निषाद/सक्ती/डभरा– मुक्तिधाम के पास अगर किसी को मोक्ष की तलाश हो तो वह अलग बात है, लेकिन ग्राम सपोस में कुछ लोगों ने इसी इलाके को ‘काटपत्ती के खेल’ का अड्डा बना रखा था। रुपये-पैसे के दांव के साथ जुए की महफिल सज चुकी थी और खिलाड़ी अपनी-अपनी बाजी आजमाने में जुटे थे। उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि अगली बाजी पुलिस की होगी।

1 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी राजेश पटेल के नेतृत्व में डभरा पुलिस एवं साइबर सेल सक्ती की संयुक्त टीम ने सपोस मुक्तिधाम के पास जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे जुआरियों की ‘बाजी’ नहीं चल सकी। मौके से कुल 13 जुआरियों को पकड़ लिया गया।
51 हजार 400 रुपये की ‘बाजी’ बनी पुलिस की जप्ती
पुलिस की कार्रवाई में फड़ एवं जुआरियों के कब्जे से 51,400 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद हुई। यानी जिस रकम को लेकर जुआरी जीत-हार का हिसाब लगाने में जुटे थे, वही रकम कुछ देर बाद पुलिस की जप्ती सूची का हिस्सा बन गई।
पुलिस के मुताबिक, जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डभरा/चंद्रपुर सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना डभरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी।
टीआई राजेश पटेल के नेतृत्व में घेराबंदी, जुआरियों की ‘बाजी’ पलटी
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीआई राजेश पटेल ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया और योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई कराई। पुलिस टीम को देखते ही कुछ जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम की तत्परता के चलते सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
थाना प्रभारी राजेश पटेल ने कहा कि जुआ एवं सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है। सूचना मिलने पर ऐसे मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
डभरा ही नहीं, आसपास के जिलों से भी पहुंचे थे खिलाड़ी
मामले की खास बात यह भी है कि पकड़े गए 13 आरोपियों में केवल स्थानीय लोग ही शामिल नहीं हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों में सक्ती, रायगढ़ और महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी
जुए की महफिल में पुलिस ने लगा दिया ‘फुल स्टॉप’
सपोस के मुक्तिधाम के पास चल रही जुए की इस महफिल में खिलाड़ियों को शायद लगा होगा कि ताश की 52 पत्तियों में आज कौन-सी पत्ती किस्मत बदल देगी। लेकिन टीआई राजेश पटेल की टीम की एंट्री के बाद 52 पत्तियों का खेल सीधे पुलिस कार्रवाई की फाइल में पहुंच गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
जिला पुलिस सक्ती द्वारा जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
