जैजैपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 08 माह की गर्भवती मिली नाबालिग पीड़िता

Dolkumar Nidhad@सक्ती जिले के थाना जैजैपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर कथित रूप से भगाने और यौन शोषण के मामले में लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी सलमान खान पिता ताहर खान, निवासी जैजैपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 91/2025 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान परिजनों ने जैजैपुर निवासी सलमान खान पर संदेह व्यक्त किया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग पीड़िता को घर में छोड़कर फरार हो गया है तथा पीड़िता लगभग 08 माह की गर्भवती है। सूचना पर पुलिस ने नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर परिजनों के समक्ष सुरक्षित सुपुर्द किया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के कथन के आधार पर प्रकरण में गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी थी।

रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सलमान खान सक्ती के हटरी रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पैलेस रोड, सक्ती के पास रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी जैजैपुर एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back