DolKumar Nishad@डभरा–: चंद्रपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टुण्ड्री से लौटने के दौरान उस समय एक भावुक और मानवीय दृश्य देखने को मिला, जब चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव की नजर भीषण गर्मी और तिलमिलाती धूप में मूंगफली खुदाई कर रहे मजदूरों पर पड़ी। मजदूरों की मेहनत और संघर्ष को देखकर विधायक महोदय ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और सीधे खेत में पहुंचकर काम कर रहे लोगों से मुलाकात की।

विधायक जी ने मजदूरों का कुशलक्षेम जाना और उनकी दैनिक स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान मजदूरों ने बताया कि वे दिनभर कड़ी मेहनत कर महज 300 रुपये मजदूरी में काम करते हैं। मजदूरों की यह बात सुनते ही विधायक रामकुमार यादव भावुक हो उठे और उन्हें अपना संघर्षभरा बचपन याद आ गया। उन्होंने मजदूरों के बीच अपने माता-पिता के साथ बिताए मेहनत और संघर्ष के दिनों को साझा करते हुए कहा कि श्रम और मेहनत करने वालों का सम्मान सबसे बड़ा सम्मान होता है।

तपती धूप के बीच अचानक विधायक को अपने बीच पाकर मजदूरों के चेहरे खिल उठे। सभी ने आत्मीयता और स्नेह के साथ विधायक जी का स्वागत किया तथा उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का इस तरह आम लोगों के सुख-दुख में शामिल होना सराहनीय है।

ग्राम टुण्ड्री में विधायक रामकुमार यादव का यह मानवीय और संवेदनशील चेहरा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। “जनता के बीच, जनता के साथ” की छवि को मजबूत करते हुए विधायक ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसेवा केवल मंचों तक सीमित नहीं, बल्कि ज़मीन पर लोगों के बीच जाकर उनका दर्द समझने में है।
