जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा, @avdhesh tandan। थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में हुए चर्चित गोलीकांड का जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक महीने बाद खुलासा कर दिया है। ‘ऑपरेशन हंट’ के तहत पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन और बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात नकाबपोश बदमाशों ने करही निवासी आयुष कश्यप के घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले में आयुष का छोटा भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ था।

घटना के बाद IG बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग खुद मौके पर पहुंचे। SP विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में रेंज स्तरीय टीम बनाकर ‘ऑपरेशन हंट’ शुरू किया गया। जांच के लिए टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, एमपी, यूपी, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर तक दबिश दी। 200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए और तकनीकी-साइबर साक्ष्य जुटाए गए।

पूछताछ में आरोपी भूषण बघेल ने बताया कि उधारी के पैसों को लेकर विवाद, आयुष की बढ़ती आर्थिक स्थिति और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा से उपजी जलन के चलते हत्या की साजिश रची गई। वारदात की रात तीनों आरोपी पहले से घर के पास मौजूद थे। सहयोगियों ने CCTV तोड़ने के बाद आरोपी घर में घुसे, पिता के कमरे को बाहर से बंद कर आयुष पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बीच-बचाव करने आए भाई को भी गोली मारी गई।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत कुमार बघेल 23 वर्ष वार्ड 11 करही, भूषण बघेल 23 वर्ष वार्ड 1 करही और अमित टंडन 28 वर्ष वार्ड 9 करही शामिल हैं। सभी निवासी थाना बिर्रा, जिला सक्ती हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

IG रामगोपाल गर्ग ने पूरी टीम को शाबाशी देकर पुरस्कार की घोषणा की है। कार्रवाई में ASP उमेश कुमार कश्यप, उदयन बेहार, साइबर थाना जांजगीर, थाना बिर्रा, बम्हनीडीह, मुलमुला रेंज साइबर सेल और जिला पुलिस बल की भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back