विशेष संवाददाता
डोलकुमार निषाद@डभरा/चंद्रपुर–

चंदली और आसपास के दर्जनों गांवों में बिजली व्यवस्था अब “सुधरने के बजाय बिगड़ते हालात” की तरफ बढ़ती दिख रही है। लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग ने ग्रामीण जीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

प्रियंका आलोक पटेल-जिला पंचायत सभापति सक्ति

इसी गंभीर मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सक्ति सभापति प्रियंका आलोक पटेल ने छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री (वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी) ओपी चौधरी को कड़ा एवं जनहितकारी ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट रूप से चंदली क्षेत्र में नवीन 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन की तत्काल स्वीकृति की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में चंदली, बिलाईगढ़, पलसदा, बिरहाभाठा, महादेवपाली, कलमा, बालपुर और बेलपाली सहित पूरा क्षेत्र गोपालपुर सब स्टेशन पर निर्भर है, जो लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित है। इस एक ही सब स्टेशन पर बढ़ता लोड और लंबी दूरी की सप्लाई व्यवस्था ने पूरी सिस्टम को कमजोर कर दिया है।

नतीजा यह है कि ग्रामीण लगातार बिजली संकट झेल रहे हैं—
बार-बार ट्रिपिंग और कटौती..
लो वोल्टेज की गंभीर समस्या..
सिंचाई पंप और मोटर का फेल होना..
छोटे व्यापार और घरेलू जीवन प्रभावित..

ग्रामीणों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी बन गई है कि “बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है”, जिससे खेती-किसानी से लेकर छोटे व्यवसाय तक भारी नुकसान झेल रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी साफ कहा गया है कि यदि चंदली क्षेत्र में नया 33/11 केवी सब स्टेशन स्थापित कर दिया जाए तो न सिर्फ गोपालपुर सब स्टेशन का लोड कम होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था स्थायी रूप से सुधार सकती है।

स्थानीय स्तर पर इस मांग को अब सिर्फ सुविधा नहीं बल्कि “आवश्यक विकास कार्य” माना जा रहा है। ग्रामीणों और जिला पंचायत सदस्य प्रियंका आलोक पटेल ने सरकार से जल्द से जल्द स्वीकृति देकर इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back