कलेक्टर के सख्त निर्देश पर एसडीएम-तहसीलदार की संयुक्त कार्रवाई, रेत तस्करों में मचा हड़कंप

डोलकुमार निषाद@डभरा/चंद्रपुर-:-
जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब निर्णायक जंग छेड़ दी है। इसी कड़ी में बीती रात डभरा अनुविभाग के ग्राम कलमा में महानदी तट पर संचालित अवैध रेत खनन के बड़े नेटवर्क पर प्रशासन ने अचानक छापा मारते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम विनय कुमार कश्यप एवं तहसीलदार मनमोहन प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 मार्च की मध्य रात्रि योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन करते हुए 2 पोकलेन मशीन और 8 डंपरों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को तत्काल चंद्रपुर थाना में सुपुर्द कर दिया गया।

संगठित गिरोह पर शिकंजा, कई आरोपी फरार…
सूत्रों के अनुसार, महानदी के इस क्षेत्र में लंबे समय से रेत माफियाओं का संगठित नेटवर्क सक्रिय था, जो रात के अंधेरे में मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर उत्खनन कर रहा था। प्रशासन की अचानक कार्रवाई से माफिया गिरोह में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

पर्यावरण को भारी नुकसान, राजस्व की भी चोरी…
अवैध रेत उत्खनन से जहां एक ओर महानदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा था, वहीं शासन को लाखों रुपये के राजस्व का भी नुकसान हो रहा था। प्रशासन ने इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण और राजस्व बचाव की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

संयुक्त टीम की सक्रिय भूमिका…
इस बड़ी कार्रवाई में राजस्व विभाग के पटवारी देव कश्यप, हरिशंकर पटेल, हरमेंद्र वारे, लखनपुरी, मुकेश रमन, अंकितेश पटेल, लोकेश पटेल, चितरंजन महिलांगे तथा पुलिस विभाग से उप निरीक्षक रामकुमार रात्रे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई…
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back