
[छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में जारी 12वीं की मुख्य परीक्षा के दौरान हिंदी विषय का प्रश्नपत्र रद्द कर दिया गया है।दरअसल, बीते दिनों हिंदी की परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स और टेलीग्राम ग्रुप्स पर तेजी से वायरल हो गया था। शुरुआती जांच में पाया गया कि वायरल पेपर और असली प्रश्नपत्र में काफी समानताएं थीं। इस गंभीर चूक के बाद माशिमं (CGBSE) ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरी परीक्षा को निरस्त करने का आदेश जारी किया है।शासन के निर्देश पर इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद से उन कड़ियों को जोड़ा जा रहा है जहाँ से पेपर सबसे पहले लीक हुआ। बोर्ड के आला अधिकारियों का कहना है कि मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसलिए निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करना अनिवार्य था।बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए नई समय-सारणी भी जारी कर दी है। अब 12वीं हिंदी की मुख्य परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय और केंद्र पूर्ववत रहेंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in) पर नजर बनाए रखें।इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि 10 अप्रैल की परीक्षा के लिए बोर्ड सुरक्षा के क्या पुख्ता इंतजाम करता हैरिपोटर :- सूरज बीसी
