रायपुर | ब्यूरो रिपोर्टराज्य शासन ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत प्रशासनिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करते हुए तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार, किरण कौशल, भा.प्र.से. (2009), जो वर्तमान में सचिव, मंत्रालय के पद पर कार्यरत हैं, को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त आयुक्त, समग्र शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं अवनीश कुमार शरण, भा.प्र.से. (2009), आयुक्त, नगर एवं ग्राम निवेश तथा अतिरिक्त प्रभार आयुक्त, गृह निर्माण मंडल को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है।
इसके अलावा आकाश छिकारा, भा.प्र.से. (2017), जो वर्तमान में संयुक्त सचिव, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, रायपुर विकास प्राधिकरण एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के पद पर कार्यरत हैं, को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त कलेक्टर, जिला बस्तर के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन के इस निर्णय को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे शिक्षा, शहरी विकास और जिला प्रशासन में कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
