
देवभोग, 17 दिसंबर 2025
गरियाबंद जिले के देवभोग थाना अंतर्गत ग्राम करचिया में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेल नदी में एक नवजात बच्ची का शव तैरता हुआ पाया गया। इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही नदी तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गांव के कुछ बच्चे तेल नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में एक नवजात बच्ची के शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत गांव लौटकर इसकी जानकारी बड़ों को दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को देखकर दंग रह गए।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना तत्काल देवभोग पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लोगों में आक्रोश और चर्चा:
नदी में नवजात का शव मिलने की घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।
