
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भूतेश्वर नाथ धाम पर वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला अधिकारियों के साथ भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी श्री वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ श्री मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्री नवीन भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का रखा जाए विशेष ध्यान*कलेक्टर ने कहा कि भूतेश्वरनाथ धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसे ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं।*17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन*सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी क्रम में भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भी वृहद स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।
