डोल कुमार निषाद@ सक्ती/डभरा-: जिला पंचायत सक्ती के उपाध्यक्ष एवं हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कमल पटेल की पहल से डभरा क्षेत्र में प्रतिवर्ष निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसेवा पहल के तहत आयोजित शिविर में डभरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पहुंचे और अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई।

शिविर में आधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में दूर-दराज से पहुंचे मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों के आने-जाने, रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था निःशुल्क रखी गई। शिविर स्थल से ही चयनित मरीजों को ऑपरेशन के लिए रायपुर ले जाने की व्यवस्था की गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।

26 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन

शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों की नेत्र जांच की गई। इनमें से 26 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए रायपुर ले जाया गया, जबकि 73 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

कमल पटेल की पहल बनी जरूरतमंदों के लिए सहारा

क्षेत्र में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह नेत्र शिविर कमल पटेल की जनसेवा की पहल के रूप में देखा जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आंखों का इलाज और ऑपरेशन कई बार आर्थिक बोझ बन जाता है। ऐसे में निःशुल्क जांच, चश्मा, मोतियाबिंद ऑपरेशन के साथ मरीजों के आवागमन, रहने और भोजन की व्यवस्था जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

कमल पटेल, जिला पंचायत सक्ती के उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता भी हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस प्रकार के आयोजन के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह शिविर क्षेत्र में जनसेवा की एक उपयोगी पहल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back