
सक्ती@avdhesh-tandan। सक्ती जिले के विकासखंड मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत नगझर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की भारी कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में लगभग 50 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन यहां वर्तमान में केवल एक ही शिक्षक पदस्थ हैं।
एक शिक्षक के भरोसे पांच कक्षाओं का संचालन होने के कारण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों और पालकों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था की मांग की है।
पूर्व सरपंच ने DEO को सौंपा आवेदन
इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत नगझर के पूर्व सरपंच शिव सागर मधुकर ने 17 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी, सक्ती को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में कहा गया है कि एक शिक्षक द्वारा 50 बच्चों और पांच कक्षाओं को एक साथ संभालना संभव नहीं है। इससे बच्चों के भविष्य पर सीधा असर पड़ रहा है। पूर्व सरपंच ने मांग की है कि विद्यालय में कम से कम दो अतिरिक्त शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना की जाए, ताकि बच्चों को व्यवस्थित और बेहतर शिक्षा मिल सके।
ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की कमी के कारण बच्चों की बुनियाद कमजोर हो रही है। यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो बच्चों का शैक्षणिक स्तर और गिर सकता है।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और नगझर प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को कब तक दूर करता है।
