सक्ती@avdhesh-tandan। सक्ती वन विभाग में वर्षों से पदस्थ डिप्टी रेंजर जितेंद्र कंवर के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार एवं अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने के आरोप लगाते हुए कलेक्टर सक्ती को शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
नगर पंचायत बाराद्वार के महामंत्री नरेंद्र कुमार साहू द्वारा कलेक्टर को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि डिप्टी रेंजर जितेंद्र कंवर के संरक्षण में वन विभाग से जुड़ी विभिन्न प्रकार की कथित अनियमितताएं संचालित हो रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि उनके प्रभाव के कारण विभाग में पारदर्शिता प्रभावित हुई है तथा अवैध लकड़ी कटाई, लकड़ी परिवहन, आरा मिलों के संचालन सहित अन्य कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थ रहने के कारण संबंधित अधिकारी ने विभागीय कार्यप्रणाली पर अत्यधिक प्रभाव स्थापित कर लिया है, जिससे शासन के नियमों के पालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो इससे शासन को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ वन संपदा को भी भारी क्षति पहुंच रही है।
शिकायत पत्र में पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष अधिकारी अथवा जांच दल से विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक आवश्यक होने पर उन्हें वर्तमान पदस्थापना से हटाने का भी अनुरोध किया गया है।
अब इस शिकायत के बाद पूरे मामले पर जिला प्रशासन की कार्रवाई और जांच को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, जांच के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back