डोलकुमार निषाद@सक्ती-: भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती संगठन कल एक बड़े राजनीतिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। जिला भाजपा के नवनिर्मित ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन’ का भव्य लोकार्पण समारोह गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी, जिससे यह आयोजन जिले के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजनों में शुमार माना जा रहा है।

समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, बिलासपुर संभाग प्रभारी अभिषेक शुक्ला, प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार, सक्ती प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, महापौर एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा तथा जिला प्रभारी मनोज शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गवेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिलेभर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जुटे हुए हैं। संगठन की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी की अपेक्षा की जा रही है।
भाजपा जिला महामंत्री दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन’ केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, सेवा, समर्पण और राष्ट्रवादी विचारधारा का स्थायी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश नेतृत्व की उपस्थिति इस आयोजन को ऐतिहासिक आयाम देगी।

उन्होंने कहा, “सक्ती भाजपा परिवार के लिए यह गर्व का अवसर है। यह भवन आने वाले वर्षों में संगठन की गतिविधियों, जनसेवा और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन का प्रमुख केंद्र बनेगा। हम जिले के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें और आयोजन को अभूतपूर्व सफलता प्रदान करें।”
उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देगा और जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
