डोलकुमार निषाद@सक्ती/डभरा-: बरसात की दस्तक के साथ ही नगर पंचायत डभरा के वार्ड क्रमांक 12 की एक सड़क अचानक चर्चा में आ गई है। वजह यह है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि राहगीरों को कुछ पल के लिए यह समझना मुश्किल हो गया कि वे सड़क पर चल रहे हैं या किसी बरसाती झील के किनारे।

स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले के भीतर जाने वाले मार्ग पर जलभराव के कारण रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि जब पहली ही बारिश में यह स्थिति है, तो पूरी बरसात के दौरान हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

मोहल्ले के लोगों ने एक और समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में नियमित रूप से सीमेंट से भरे ट्रकों की आवाजाही होती है। ट्रकों से सीमेंट खाली होने के दौरान उड़ने वाली धूल कई बार आसपास के घरों तक पहुंच जाती है। वहीं भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति भी प्रभावित हुई है, जिसका असर अब बरसात में और स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उनकी मंशा केवल अपनी समस्या को जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग तक पहुंचाने की है, ताकि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कर लोगों को राहत मिल सके।

फिलहाल वार्ड-12 के लोगों की जुबान पर बस एक ही बात है— “अभी तो बरसात का ट्रेलर है… उम्मीद है पूरी फिल्म शुरू होने से पहले समाधान भी दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back