डोलकुमार निषाद@सक्ती-: जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के सख्त निर्देश के बाद अब अखबार में समोसा और अन्य खाद्य सामग्री बांधकर देना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। कार्रवाई के डर से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति है।

“सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे सघन जांच अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। नोडल अधिकारी श्री बीरेंद्र लकड़ा के नेतृत्व में यह कार्रवाई तेज हो गई है।
जैजैपुर में चला जांच का डंडा.!
तहसीलदार, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने गुपचुप-चाट ठेलों, डेयरी, मिठाई दुकानों, बेकरी और जूस सेंटरों पर ताबड़तोड़ जांच की। इस दौरान कई जगह गंदगी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ और एक्सपायरी सामान मिलने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
समोसा,बड़ा अब अखबार में नहीं!
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि अखबार या किसी भी प्रिंटेड कागज में खाद्य सामग्री न बांधें। अधिकारियों ने साफ कहा कि अखबार की स्याही सेहत के लिए खतरनाक है और इसका उपयोग पूरी तरह बंद करना होगा।
उल्लंघन किया तो सीधी कार्रवाई.!
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य पदार्थ ढंककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और मिलावट से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
जागरूकता भी, कार्रवाई भी.!
अभियान के दौरान आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है ताकि वे सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें।

यह सघन जांच अभियान 11 मई तक लगातार जारी रहेगा।
