सक्ती-: मालखरौदा में निर्माणाधीन व्यवहार न्यायालय भवन का निरीक्षण माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जयदीप गर्ग के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री शैलेन्द्र चौहान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा एवं व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी सुश्री साक्षी ध्रुव उपस्थित रहीं।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश मंडल ने भवन निर्माण की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और मौके पर मौजूद ठेकेदार व सब इंजीनियर को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

अधिकारियों ने शौचालय निर्माण, वाटर हार्वेस्टिंग, बोरवेल तथा गार्डन जैसी आवश्यक जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। न्यायाधीशों ने कहा कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।

उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने पर विशेष बल दिया तथा संबंधित अधिकारियों को भवन कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित व्यवहार न्यायालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां न्यायालयीन कार्यों के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इस निरीक्षण के माध्यम से न्यायालय भवन के शीघ्र पूर्ण होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जिससे आम नागरिकों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back