बालपुर में सचिव राज! नियम-कानून धरे रह गए, ग्रामीण बेहाल”

डोलकुमार निषाद@डभरा-:जनपद पंचायत डभरा अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बालपुर में पदस्थ सचिव श्री लखपति सिदार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव पिछले लगभग 15 वर्षों से एक ही पंचायत में जमे हुए हैं, जिसके चलते उनकी कार्यप्रणाली पूरी तरह से मनमानी और लापरवाह हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सचिव नियमित रूप से पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते, जिससे जरूरी पंचायत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई बार ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन सचिव के अनुपस्थित रहने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।


फोन पर भी नहीं मिलता संपर्क:
ग्रामीणों ने बताया कि जब भी वे किसी जरूरी काम के लिए सचिव से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो अक्सर कॉल रिसीव नहीं होता। इससे लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे आमजन में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
निजी कार्यों में व्यस्त रहने का आरोप:
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सचिव कई बार पंचायत कार्यों को छोड़कर निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
स्थानांतरण की मांग तेज:
लगातार शिकायतों के बाद अब स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबे समय से एक ही पंचायत में जमे सचिव का अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए, ताकि पंचायत में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back