डोलकुमार निषाद @डभरा
सक्ती जिले केडभरा ब्लॉक में जल जीवन मिशन के तहत बनी ऊंची पानी की टंकियां अब युवाओं के लिए सेल्फी और वीडियो रील बनाने का अड्डा बनती जा रही हैं।इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में कुछ युवक-युवतियां खुद को हीरो-हीरोइन समझकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत बघौद में सामने आया है, जहां जल जीवन मिशन योजना के तहत 60 से 80 फिट ऊंची बानी हुई नवनिर्मित पानी टंकी पर कुछ युवक-युवतियां चढ़कर रील वीडियो बनाने और सेल्फी लेते दिखाई देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि युवक-युवतियों को इस बात का भी अंदाजा नहीं है कि उनकी यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टंकी की ऊंचाई काफी अधिक होने के कारण जरा सी भी चूक होने से युवक-युवतियां नीचे गिर सकती हैं, जिससे उनकी जान तक जा सकती है..। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में जोखिम उठाने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि डभरा ब्लॉक में जल जीवन मिशन योजना के तहत बनी कई पानी की टंकियों पर इसी तरह का नजारा देखने को मिलता है, जहां ग्रामीण यूट्यूबर और इंस्टाग्राम रील बनाने वाले युवा अक्सर चढ़ जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की टंकियों की उचित सुरक्षा व्यवस्था, ताला और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति ऊपर न चढ़ सके और संभावित हादसों को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।
सोशल मीडिया की लोकप्रियता बन रही खतरा.।आजकल सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवा खतरनाक स्थानों पर जाकर वीडियो और रील बना रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए युवाओं को सावधानी बरतने की जरूरत है।
