
गरियाबंद। ‘ *नशा मुक्त भारत’* एवं *’राष्ट्रीय एकता* ‘ के पावन संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित भव्य राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में गरियाबंद पुलिस के जवान ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। भारत के विभिन्न राज्यों के पुलिस जवानों की सहभागिता वाली इस ऐतिहासिक रैली में *थाना राजिम (जिला गरियाबंद) में पदस्थ प्रधान आरक्षक (प्र.आर.) रविन्द्र गिरी ने गरियाबंद पुलिस टीम का नेतृत्व करते हुए* अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। यह राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर (केवडिया) पहुँची, जहाँ राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य ‘एकता परेड’ में प्र.आर. रविन्द्र गिरी शामिल हुए। देश की अखंडता, विविधता और नशा मुक्ति के संकल्प को समर्पित इस विशाल राष्ट्रीय मंच पर गरियाबंद जिले का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
प्र.आर. रविन्द्र गिरी के इस सराहनीय प्रयास और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इतने महत्वपूर्ण और गरिमामयी आयोजन में शामिल होकर नशा मुक्ति और राष्ट्र एकता का संदेश देना गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रविन्द्र गिरी की इस सफलता से जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान भी प्रेरित होंगे तथा राष्ट्र सेवा व सामाजिक जागरूकता के कार्यों में इसी प्रकार बढ़-चढ़कर अपना योगदान देंगे।
