
*बच्चों को सिविल सर्विस, इंजीनियरिंग, मेडिकल के लिए किया प्रेरित, जनजातीय गौरव दिवस पर 5 बच्चों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित*
*गरियाबंद, 29 अक्टूबर 2026
*कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज छुरा विकासखंड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का निरीक्षण किया।
उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और विषयों एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों की अच्छी तैयारी पर कलेक्टर ने तालियां बजवाकर उन्हें प्रोत्साहित किया। कुछ बच्चों ने सिविल सर्विस, मेडिकल, इंजीनियरिंग, फैशन डिजाइन में जाने की इच्छा जताई, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें अभी से लक्ष्य तय कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और NEET, JEE, IIT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं का परिणाम 100 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का 98 प्रतिशत रहा। राष्ट्रपति भवन में 12 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। दो PVTG विद्यार्थियों का MBBS के लिए चयन हुआ है।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक लेकर शैक्षणिक व्यवस्था, नामांकन, शिक्षकीय पदों, भोजन व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की और ग्राउंड समतलीकरण, गार्ड रूम के पास शौचालय, ओपन ऑडिटोरियम, नलकूप खनन, स्टडी रूम निर्माण के निर्देश दिए।
