गरियाबंद के सरस्वती शिशु मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की राधा-कृष्ण के रूप में मनमोहक झांकियां और मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहीं।

गरियाबंद के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री भूतेश्वर नाथ बाल संस्कार समिति द्वारा संचालित इस विद्यालय में सुबह से ही उत्सव का माहौल नजर आया।कार्यक्रम की सबसे खास बात रही नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक वेशभूषा।

सैकड़ों बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे नजर आए। किसी के सिर पर मोरपंखी मुकुट तो कोई हाथों में बांसुरी थामे दिखा, जिससे पूरा विद्यालय परिसर मानो ब्रज की छटा में रंग गया।उत्सव के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और मटकी फोड़ प्रतियोगिता में जमकर उत्साह दिखाया। खास बात यह रही कि माताओं के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें अभिभावकों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। अंत में सामूहिक डांडिया नृत्य ने कार्यक्रम को और भी रंगीन बना दिया।इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, प्राचार्य चैन सिंह बघेल, व्यवस्थापक सत्यप्रकाश मानिकपुरी और वर्षा तिवारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं।अभिभावकों के चेहरों पर अपने नन्हे कान्हा को देखकर अलग ही खुशी झलक रही थी। दिनभर चले इस आयोजन ने बच्चों, शिक्षकों और पालकों के लिए जन्माष्टमी को बेहद यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back