डोल कुमार निषाद/सक्ती/डभरा:– जिला सक्ती के विकासखंड डभरा स्थित नगर पंचायत कार्यालय में संचालित *सेवा सेतु केंद्र* ने एक बार फिर त्वरित जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्राम छोटे कटेकोनी निवासी श्रीमती देवकुंवर का आधार कार्ड तकनीकी कारणों से निष्क्रिय (डीएक्टिवेट) हो गया था, जिससे उन्हें राशन, बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या से परेशान होकर श्रीमती देवकुंवर सेवा सेतु केंद्र पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आधार सुपरवाइजर श्रीमती उषा जायसवाल ने तत्काल दस्तावेजों और आधार रिकॉर्ड की जांच कर तकनीकी समस्या की पहचान की तथा आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी कराई। केंद्र की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि महज दो घंटे के भीतर आधार कार्ड दोबारा सक्रिय हो गया।
आधार कार्ड चालू होते ही राशन, बैंकिंग और अन्य शासकीय सेवाएं पुनः सुचारू रूप से मिलने लगीं। त्वरित समाधान मिलने पर श्रीमती देवकुंवर ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन एवं सेवा सेतु केंद्र की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इतनी जल्दी समस्या के समाधान की उम्मीद नहीं थी।
आम नागरिकों को त्वरित और सरल शासकीय सेवाएं उपलब्ध.!
दीपक कवलधर साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को त्वरित और सरल शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु केंद्र प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लंबे समय तक भटकना न पड़े, यही प्रशासन और नगर पंचायत की प्राथमिकता है। भविष्य में भी जनहित के कार्यों को इसी तत्परता से जारी रखा जाएगा,,।
सेवा सेतु केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है.!
नगर पंचायत उपाध्यक्ष नीलाम्बर जगत ने कहा कि सेवा सेतु केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। आधार, आय, जाति, निवास सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का समय पर समाधान होने से लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही सुशासन की पहचान है और नगर पंचायत इस दिशा में लगातार बेहतर कार्य कर रही है।
सेवा सेतु केंद्र की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रशासनिक सक्रियता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यप्रणाली से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कम समय में भी संभव है।
