डोलकुमार निषाद@सक्ती-: सड़क पर निकलते समय अक्सर लोग हेलमेट को बोझ समझ लेते हैं, लेकिन एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियाँ छीन सकती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्ती पुलिस ने हेलमेट जागरूकता अभियान को नया स्वरूप दिया है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई के साथ-साथ सक्ती यातायात पुलिस अब जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय. एन. शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों ने हेलमेट की अनिवार्यता पर आधारित एक आकर्षक जन-जागरूकता पोस्टर तैयार किया।

इस पोस्टर का विमोचन पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, सहायक उप निरीक्षक (अ) एल्सा टंडन, वृंदा साहू, महिला आरक्षक राजकुमारी एवं कृष्णा कुमारी उपस्थित रहीं।

पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों में कमी लाने में मदद करेगा।

अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पोस्टर के साथ एक वीडियो क्लिप भी जारी की गई है। इसमें पूजा जायसवाल (खरसिया) ने अपनी आवाज़ देकर सड़क सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुँचाया है। पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट जागरूकता की स्क्रिप्ट तैयार करने के लिए यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय. एन. शर्मा की सराहना की तथा वॉइस आर्टिस्ट पूजा जायसवाल का सक्ती पुलिस के जनहित अभियान में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

सड़क सुरक्षा का संदेश”
सक्ति पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दुपहिया वाहन चलाते समय स्वयं भी हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट अवश्य पहनाएँ। आपकी एक छोटी-सी सावधानी किसी परिवार की ज़िंदगीभर की मुस्कान बचा सकती है।

याद रखिए… चालान भरने से बड़ा नुकसान, परिवार का सहारा खो देना है। इसलिए हर सफर पर हेलमेट पहनें और सुरक्षित घर लौटें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back