“सोशल मीडिया की दोस्ती में सावधान! लाइक-चैट से शुरू हुआ मामला पहुँचा जेल”
डोलकुमार निषाद@सक्ती-: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक पहचान, भरोसे और शादी के वादे के बीच ऐसा मोड़ लेगी, शायद पीड़िता ने कभी सोचा भी नहीं होगा। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती कथित तौर पर शोषण की कहानी बन गई, जिसमें अब आरोपी जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

मालखरौदा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी राकेश टंडन निवासी थेम्हापारा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने “तुमसे शादी करूंगा” कहकर भरोसा जीता और 11 मई को मिशन चौक बुलाकर सुनसान जगह ले गया, जहां जान से मारने की धमकी देकर जबरन दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपी पीड़िता को बिलासपुर ले गया और रास्ते में उसका मोबाइल सिम तक तोड़ दिया, ताकि संपर्क टूट जाए। इसके बाद गोंदिया होते हुए महाराष्ट्र के कराड-मलकापुर क्षेत्र में एक मकान में रखकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा और परिजनों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता रहा।

सोशल मीडिया पर सावधान रहने की जरूरत
रील्स, लाइक और चैट के दौर में ऑनलाइन दोस्ती कई बार खतरनाक मोड़ भी ले सकती है। “शादी” और “प्यार” जैसे शब्दों की आड़ में भरोसे का गलत फायदा उठाने वाले लोग भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। ऐसे में अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 64(2)(m), 296, 351(3), 127(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी फरार था, लेकिन सक्ती पुलिस ने साइबर तकनीक और घेराबंदी के जरिए आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी के कथित स्वीकारोक्ति के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर एवं टीम द्वारा की गई।
