सक्ती SP से शिकायत, घटना दिनांक की CCTV फुटेज न मिलने से संदेह गहराया
सक्ती/@avdhesh-tandan। इलाज कराने हॉस्पिटल पहुंचे दंपति में से पति लापता हो गया और कुछ दिन बाद नाले के पास से सड़ी-गली हालत में मिले शव को पत्नी ने अपने पति के रूप में पहचाना। मामले में पत्नी ने बिहान हॉस्पिटल और पुलिस पर मिलीभगत कर हत्या कर शव ठिकाने लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मसानिया कला निवासी सुखुबाई भास्कर ने 11 मई को सक्ती पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को वे पति होरी लाल भास्कर के साथ इलाज के लिए सक्ती के बिहान हॉस्पिटल गई थीं। पत्नी को बिहान हॉस्पिटल में और पति को पास स्थित गोमती देवी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे होरी लाल पत्नी से मिलने बिहान हॉस्पिटल पहुंचा। करीब आधे घंटे बातचीत के बाद वह वहां से निकला और उसी रात से लापता हो गया। अगले दिन सुबह सुखुबाई को एक कंपाउंडर ने बताया कि रात को उनके पति किसी लड़की से छेड़खानी कर रहे थे। कहा गया कि अगर वे पत्नी के साथ नहीं होते तो उन्हें बहुत मारा जाता और फिलहाल वे जहां जाना था वहां चले गए हैं।
पति का कुछ पता न चलने पर सुखुबाई ने हॉस्पिटल प्रबंधन से छुट्टी मांगी, लेकिन उन्हें 4 दिन और रोक दिया गया। 26 अप्रैल को छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने घर और रिश्तेदारों में पति की तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर 27 अप्रैल को थाना सक्ती में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कुछ दिन बाद हरेठी नाला के पास एक सड़ी-गली लाश मिली। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना परिवार को बताए शव को दफना दिया। बाद में फोटो और कपड़े दिखाने पर सुखुबाई ने शव की पहचान अपने पति होरी लाल के रूप में की।
सुखुबाई का आरोप है कि बिहान हॉस्पिटल में ही उनके पति की हत्या की गई और शव नाले के पास फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस पर भी हॉस्पिटल प्रबंधन से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गुम इंसान कायम होने के बाद भी शव की पहचान के लिए परिवार को क्यों नहीं बुलाया गया।
वहीं बिहान हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि उनके अस्पताल में किसी तरह की मारपीट की घटना नहीं हुई है और पुलिस को बयान दे दिया गया है। प्रबंधन ने ऑफ कैमरा बताया कि घटना दिनांक की CCTV फुटेज उनके पास उपलब्ध नहीं है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
बाइट में बिहान हॉस्पिटल संचालक सूरज पटेल ने कहा कि “हमारे यहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई, जांच में सहयोग कर रहे हैं।”
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी।”
अब देखना होगा कि पुलिस कब एक्शन में आकर मामले की तह तक पहुंचती है और दोषियों पर कार्रवाई करती है।
