सक्ती/हसौद/@avdhesh-tandan। इस वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम सक्ती जिले के लिए गौरव का क्षण लेकर आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हसौद की छात्रा दुनिशा साहू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।
दुनिशा ने 96.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खास बात यह है कि दुनिशा सक्ती जिले से टॉप-10 सूची में स्थान बनाने वाली एकमात्र छात्रा हैं, जिससे पूरे जिले का मान बढ़ा है।
सीमित संसाधनों के बावजूद दुनिशा ने निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का कुशल मार्गदर्शन और विद्यालय प्रबंधन का सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि दुनिशा शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और नियमित पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रहती है।
दुनिशा की इस सफलता पर हसौद सहित पूरे सक्ती जिले में खुशी का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। परिजनों और ग्रामवासियों ने दुनिशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
