कड़ी मेहनत का मिला फल, मंच पर चमके प्रतिभाशाली विद्यार्थी
डोलकुमार निषाद@चंद्रपुर:— शिक्षा और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रमापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंद्रपुर में इस वर्ष भी वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। इसी अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को सराहा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन के साथ हुई। समारोह में प्राचार्य शिवनाथ पटेल, इंग्लिश मीडियम प्रभारी प्राचार्य गिरधारी निषाद एवं उप प्राचार्य ताराचंद निषाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वर्ष 2026 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विद्यालय के संचालक रामकृष्ण साहू एवं रीता साहू ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता अनुशासन, परिश्रम और समर्पण का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य शिवनाथ पटेल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है और सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी पालकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
