कलेक्टर से जिला स्तरीय जांच की मांग, जियो टैग फोटो और हितग्राही चयन पर उठे सवाल
डोलकुमार निषाद@डभरा-: जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बालपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव के निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने जिला कलेक्टर सक्ती को लिखित शिकायत देकर योजना में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है और पूरे मामले की जिला स्तरीय टीम से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किया गया है, उनमें से कुछ के पास पहले से ही पक्के मकान मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें योजना का लाभ दिया गया। आरोप है कि संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत से अपात्र व्यक्तियों के कच्चे या अन्य मकानों के सामने फोटो खींचकर ऑनलाइन अपलोड किया गया और योजना की राशि निकाल ली गई।

शिकायत में कई हितग्राहियों के नाम और कोड नंबर का उल्लेख करते हुए नियमों की अनदेखी कर राशि स्वीकृत किए जाने की बात कही गई है। साथ ही जियो टैग फोटो की जांच करने पर कई तस्वीरें संदिग्ध और एक जैसी दिखाई देने का भी दावा किया गया है, जिससे गड़बड़ी की आशंका और बढ़ जाती है..।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गलत तरीके से आहरित की गई राशि की वसूली की जाए..।
हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है..।
अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि शिकायत पर कब और किस स्तर पर जांच शुरू होती है..।
