सक्ती/धमनी/@avdhesh-tandan: जिले के छपोरा सब स्टेशन अंतर्गत ग्राम पंचायत धमनी के बाजार पारा मोहल्ले में स्थित उन्नयन प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र की छत से सटकर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुजर रहा है। बरसात और तेज हवा में तार के भवन से टकराने का डर बना हुआ है, जिससे दर्जनों स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्नों की जान हर पल खतरे में है।

ग्रामीणों के अनुसार तार कई बार तेज आंधी में स्कूल भवन और घरों की छतों से सटकर लहराता है। पिछले कुछ समय में 11 केवी का तार टूटकर घरों के ऊपर गिर भी चुका है। गनीमत रही कि अब तक कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्कूल-आंगनबाड़ी दोनों एक साथ खतरे में
बाजार पारा में प्राथमिक शाला के ठीक बगल में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। यहां रोजाना दर्जनों बच्चे पढ़ने आते हैं और माताएं अपने छोटे बच्चों के साथ आंगनबाड़ी पहुंचती हैं। स्कूल और आंगनबाड़ी के बीच से ही हाईटेंशन लाइन गुजरी है। बरसात के मौसम में करंट लगने की आशंका दोगुनी हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि “हर रोज बच्चों को स्कूल भेजते समय डर लगा रहता है। कब तार टूटकर गिर जाए और कोई अनहोनी हो जाए, कोई भरोसा नहीं। प्रशासन कब तक आंख मूंदे बैठा रहेगा?”

कौन लेगा जिम्मेदारी?
ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग और पंचायत को मौखिक सूचना दी, लेकिन अब तक तार शिफ्टिंग या सुरक्षा उपायों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मोहल्ले के लोगों की छतें भी इसी तार की चपेट में हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चों और आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? जनहित को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को तत्काल संज्ञान लेकर 11 केवी लाइन को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट कराना चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरे को टाला जा सके। 11 केवी लाइन को स्कूल और आंगनबाड़ी भवन से सुरक्षित दूरी पर हटाया जाए, क्षतिग्रस्त तारों की तुरंत मरम्मत की जाए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Have Missed
Back