डोलकुमार निषाद@सक्ती/मालखरौदा-:- मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम छपोरा में कथित “फर्जी SBI बैंक” खोलकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का सपना दिखाने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कैशियर की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने वाले मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह मामला कोई साधारण ठगी नहीं, बल्कि “नौकरी के सपनों का कारोबार” बन चुका था, जहां बेरोजगार युवाओं को बैंक में नौकरी लगाने का झांसा देकर नकली नियुक्ति पत्र थमाए गए और उनसे मोटी रकम वसूली गई। आरोप है कि गिरोह ने करीब 7 लाख 71 हजार 800 रुपये लेकर ठगी को अंजाम दिया।

तीन और फरार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे:
मालखरौदा पुलिस ने फरार चल रहे—मंथिर दास (32 वर्ष) निवासी परसाडीह, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़
रेखा साहू (35 वर्ष) निवासी कुंआमालगी, जिला कबीरधाम,मिलन साहू (26 वर्ष) निवासी कुंआमालगी, जिला कबीरधाम
को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गांव में चल रहा था ‘फर्जी बैंक’, बांटे गए नकली नियुक्ति पत्र:
मामले की शुरुआत तब हुई जब SBI क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई कि मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम छपोरा में कथित रूप से फर्जी SBI बैंक संचालित किया जा रहा है। यहां युवाओं को कैशियर की नौकरी का झांसा देकर उनसे रुपये लिए गए और फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र बांटे गए। जांच में कई नाम सामने आए, जिसके बाद एक-एक कर आरोपियों की गिरफ्तारी होती गई।

फरार आरोपियों पर लगातार दबिश:
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद विधिवत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

निरीक्षक प्रवीण राजपूत की सक्रियता से लगातार गिरफ्तारी:
इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में मालखरौदा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत की सक्रियता चर्चा में है। लगातार दबिश और निगरानी के चलते फरार आरोपी एक-एक कर पुलिस गिरफ्त में आ रहे हैं। वहीं साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश कंवर एवं मालखरौदा थाना स्टाफ की भूमिका भी सराहनीय रही।अब बड़ा सवाल यह है कि गांव में “फर्जी SBI बैंक” का खेल आखिर इतने समय तक कैसे चलता रहा? क्या बेरोजगारों के सपनों से खिलवाड़ करने वालों पर और बड़े खुलासे बाकी हैं? फिलहाल पुलिस कार्रवाई जारी है और कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back