बाराद्वार में नाली निर्माण पर अनियमितता का आरोप, एसडीएम से जांच की मांग
बाराद्वार@avdhesh-tandan। नगर पंचायत बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 10 में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक लिखित शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सक्ती को सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि लाखों रुपए की लागत से हो रहे नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री निम्न स्तर की बताई गई है, वहीं निर्धारित एस्टीमेट के अनुसार सामग्री का उपयोग भी नहीं किया जा रहा है।
आरोप है कि नाली की लंबाई, चौड़ाई और गहराई भी तय मानकों के अनुरूप नहीं बनाई जा रही है। इसके अलावा कार्य की गति भी बेहद धीमी बताई गई है, जिससे निर्धारित समय सीमा में काम पूरा होना संदिग्ध नजर आ रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि इन अनियमितताओं के कारण शासकीय राशि का दुरुपयोग हो सकता है और आम जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधा नहीं मिल पाएगी।
मामले को गंभीर बताते हुए एसडीएम से मांग की गई है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच के लिए टीम गठित की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई होती है।
