
सक्ती/बाराद्वार@avdhesh-tandan। ग्राम पंचायत सकरैली (बा) और किरारी के बीच गुड़ेराडीह में निर्माणाधीन पुल को लेकर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। मामले में कलेक्टर सक्ती को लिखित शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि पुल निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है, जहां निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है। आरोप है कि निर्माण में पत्थर और रेत की जगह दलदली मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुल की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं सरिया, सीमेंट और गिट्टी जैसी सामग्री का उपयोग भी निर्धारित एस्टीमेट के अनुसार नहीं किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की प्रतीत हो रही है, जिससे पुल के शीघ्र क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई गई है। साथ ही संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य का भुगतान रोका जाए, ताकि शासकीय राशि के दुरुपयोग को रोका जा सके।
इसी बीच निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
कथन:
“घटिया निर्माण कार्य व रात में किए जा रहे कार्य को लेकर ठेकेदार से चर्चा करने पर उसका जवाब चौंकाने वाला था। उसने कहा कि ऐसा ही निर्माण कार्य होगा, जहां शिकायत करना है कर दो।”
— नरेन्द्र साहू, मण्डल महामंत्री बाराद्वार, भारतीय जनता पार्टी
मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हुई हैं।
