सक्ती/हसौद @avdhesh-tandan – थाना हसौद से महज डेढ़ किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत धमनी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां एक किसान के खेत से एक महीने के भीतर दो बार सिंचाई मोटर चोरी हो गई, जिससे किसान परेशान है।
जानकारी के अनुसार ग्राम धमनी निवासी किसान दिलचंद मधुकर ने अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर लगाया था। किसान रात के समय मोटर खेत में ही छोड़ देता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने लगातार उसके खेत को निशाना बनाते हुए दो बार मोटर पार कर दी। हर बार नया मोटर खरीदने से किसान को आर्थिक नुकसान हो रहा है और खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है।
किसान ने दोनों घटनाओं की सूचना थाना हसौद पुलिस को दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थाने में बल की कमी के कारण रात्रि गश्त नहीं हो पा रही, जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। थाने से इतनी नजदीक लगातार चोरी से किसानों में दहशत है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।
