मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सेवा, संस्कार और समर्पण का ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में 300 निर्धन एवं अनाथ कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा।

बागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय 7वें विवाह महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। यह आयोजन 13, 14 और 15 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। पहले दिन हल्दी रस्म, दूसरे दिन मेहंदी समारोह और तीसरे दिन संगीत, बारात स्वागत, जयमाला तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराए जाएंगे।
पूरे धाम परिसर को आकर्षक और भव्य रूप से सजाया जा रहा है। आयोजन में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं कार्यक्रम में शामिल होकर कन्याओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
बागेश्वर धाम की ओर से प्रत्येक बेटी को गृहस्थी का संपूर्ण सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही हर नवविवाहित जोड़े को 30 हजार रुपये की एफडी भी भेंट की जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भरता के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। इस सामूहिक विवाह में उन बेटियों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है, जिससे जरूरतमंद बेटियों को सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत मिल सके।
